Balrampur News: तय समय पर विभाग की ओर से कर दी गई कटौती
Balrampur News: बलरामपुर में विद्युत विभाग द्वारा जारी दो दिवसीय शटडाउन के तहत कई प्रमुख क्षेत्रों में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। गर्मी के बीच बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को समस्या का सामना करना पड़ा। विभाग ने अनुरक्षण कार्य के तहत पहले ही सूचना दी थी, लेकिन गर्मी ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत विद्युत विभाग की ओर से जारी दो दिवसीय शटडाउन रोस्टर के अनुसार गुरुवार को भी शहर के कई प्रमुख इलाकों में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बलरामपुर टाउन से जुड़े 11 केवी पहलवारा फीडर पर दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित कटौती की गई। इससे बुधवार के बाद लगातार दूसरे दिन उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर गुरुवार को जिले पारा 40 डिग्री के आस पास रहा, जो चिलचिलाती धूप के बीच लोगों को 45 डिग्री का एहसास करा रहा है।
विद्युत विभाग ने अनुरक्षण कार्य को लेकर पहले ही दो दिनों का रोस्टर जारी कर उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दी थी। गुरुवार को भी निर्धारित समय पर आपूर्ति बंद कर दी गई। बिजली गुल रहने के दौरान उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। घरों व दुकानों में पंखे-कूलर बंद रहने से लोग बेहाल रहे। जरूरी काम के लिए बिजली पर निर्भर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विभाग की ओर से इस दौरान 100 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने, अतिरिक्त एलटी सर्किट निर्माण और इंटरपोलिंग समेत अनुरक्षण संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। कटौती के कारण कलेक्ट्रेट, विकास भवन, एसपी कार्यालय, सैनिक कल्याण कार्यालय, अवधूत भगवान आवासीय स्कूल, श्यामविहार कॉलोनी, सुहागिनपुरवा, कांशीराम आवास और अचलापुर वार्ड के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। दो दिन लगातार रोस्टर के तहत बिजली कटौती होने से उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि पहले से सूचना मिलने के कारण उन्होंने अपने जरूरी काम की तैयारी कर ली थी, लेकिन गर्मी के बीच निर्धारित चार घंटे बिजली न मिलने से काफी परेशानी हुई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अनुरक्षण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल करा दी गई है।


