हमला मामले में दो और आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बलरामपुर,संवाददाता। सरकारी जमीन पर पुआल रखने को लेकर हुए खूनी संघर्ष मामले में पुलिस

बलरामपुर,संवाददाता। सरकारी जमीन पर पुआल रखने को लेकर हुए खूनी संघर्ष मामले में पुलिस सधे पांव आगे बढ़ रही है। सोशल मीडिया पर मारपीट का एकतरफा वायरल वीडियो जहां दूसरे पक्ष पर कानूनी कार्रवाई का मजबूत हथियार बन गया है तो नामजद किए गए आरोपितों की गिरफ्तारी भी तेज हो गई है। मंगलवार को दो और आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। हालाकि दूसरे पक्ष की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। कोतवाली नगर के सेखुइया गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था।
24 अक्टूबर को इसी जमीन पर पुआल रखने को लेकर विवाद ताजा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। 25 अक्टूबर को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद प्रधान के घर हमला बोला गया था। हमले का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष पर हमलावर तस्वीर सामने आ रही है। इसी को आधार मानकर पुलिस ने 16 नामजद व 50 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि इससे पहले प्रधान पक्ष की ओर से गाली-गलौज व मारपीट की जा चुकी थी,लेकिन उसका कोई वीडिया न होने की वजह से पुलिस मानने को तैयार नहीं है। हालाकि दूसरे पक्ष से एक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं,लेकिन पुलिस ने अभी तक एक पक्ष से ही मुकदमा दर्ज किया है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज नहीं किया गया है और पुलिस गिरफ्तारी को लेकर दबिश भी दे रही है। एकतरफा कार्रवाई का हवाला देकर दूसरे पक्ष से जुड़े लोग नाराजगी जता रहे हैं। हालाकि पुलिस ने अब तक हमला मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक तीन लोग जेल भेजे जा चुके हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


