Balrampur News: घनी आबादी में दुकान-मकान में रखा था 120 किलो अवैध पटाखा, आरोपी गिरफ्तार
Balrampur News: बलरामपुर में कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 120 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। 65 वर्षीय सगीर अहमद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी पर विस्फोटक अधिनियम की धाराएं लगाई हैं। आरोपी ने लाइसेंस न दिखाकर अवैध तरीके से पटाखे बेचने की बात स्वीकार की।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। त्योहारी सीजन से पहले कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चौकड़ी मार्केट, टेढ़ी बाजार स्थित एक दुकान-मकान से करीब 120 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से 65 वर्षीय सगीर अहमद उर्फ मुसई पुत्र छोटकऊ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी और बीएनएस की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि उपनिरीक्षक रमन कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ एक सितंबर की रात चौक बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टेढ़ी बाजार स्थित चौकड़ी मार्केट में एक व्यक्ति अपने मकान/दुकान में अवैध तरीके से पटाखे रखकर बेच रहा है। पुलिस के अनुसार, इलाका घनी आबादी वाला होने के कारण पटाखों के भंडारण से किसी अप्रिय घटना की आशंका थी。
पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
सूचना पर पुलिस टीम दुकान-मकान के पास पहुंची। पुलिस के अनुसार, दुकान खुलवाने पर एक व्यक्ति घर से निकलकर पुलिस को देखकर इधर-उधर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सगीर अहमद उर्फ मुसई बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने दुकान और मकान में पटाखे व अन्य विस्फोटक सामग्री रखकर बेचने की बात स्वीकार की。
छह बोरियों में मिले अलग-अलग तरह के पटाखे
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दुकान-मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग कंपनियों के विभिन्न प्रकार के पटाखे छह बोरियों में बरामद हुए। पुलिस टीम ने मौके पर कांटे से वजन कराया तो पटाखों का कुल वजन 120 किलोग्राम निकला। बरामद सामान में स्काई शॉट, चटाई पटाखा, अनार फुलझड़ी, ग्रैंड लक्स, हैप्पी कार्निवल स्काई शॉट, चिदंबरम ब्रांड के पटाखे, मोरी छाप स्काई शॉट, महताब सुरसुरिया और देशी सुतली पटाखा समेत कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं।
लाइसेंस मांगा तो नहीं दिखा सका
पुलिस ने बरामद पटाखों के संबंध में आरोपी से लाइसेंस मांगा। एफआईआर के अनुसार, आरोपी ने कोई लाइसेंस नहीं होने की बात कही। इसके बाद बरामद पटाखों को छह बोरियों में रखकर सील किया गया और पुलिस ने उन्हें कब्जे में ले लिया। आरोपी को रात करीब 10:15 बजे हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से बरामद पटाखों को थाना परिसर में आबादी से अलग सुरक्षित स्थान पर रखवाया। एफआईआर में बताया गया है कि पटाखों को नियमानुसार निष्क्रिय कराने के लिए बीडीएस टीम को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शंभू तिवारी को सौंपी गई है।


