हत्या मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, भागने के प्रयास में घायल
बलरामपुर के गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, पर चोट लगने से गिरफ्तार हुआ। उसका उपचार चिकित्सालय में हो रहा है और उसे न्यायालय भेजा गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भी खोज जारी है।
बलरामपुर, संवाददाता। बलरामपुर के गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले व हत्या के मामले में पुलिस ने एक और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। फिलहाल उसका उपचार संयुक्त जिला चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 26 मई की रात ग्राम अहिरौला निवासी मोहम्मद आसिफ खान बाइक से गांव में घूम रहा था। इस दौरान राजू मौर्य ने उसके घूमने पर आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद आसिफ खान ने धमकी दी और वहां से चला गया। अगले दिन 27 मई की सुबह जब राजू मौर्य पिपरा चौराहे पर चाय पीने जा रहा था, तभी मोहम्मद आसिफ खान और उसके साथियों ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। मारपीट में मीना देवी व धनराज मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में राजू मौर्य पुत्र धनीराम निवासी अहिरौला की तहरीर पर गैंड़ास बुजुर्ग थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में मामले की विवेचना के दौरान हत्या से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त वाजिद पुत्र आबिद निवासी ग्राम पिपराराम थाना गैंड़ास बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में वाजिद ने स्वीकार किया कि वह 27 मई को हुई मारपीट की घटना में शामिल था। उसने बताया कि अन्य आरोपियों के साथ मिलकर राजू मौर्य और उसके साथी संतोष यादव को घेरकर पीटा गया था। शोर सुनकर बचाने आए हीरालाल मौर्य, मीना देवी, धनराज मौर्य, सोहनलाल व आकाश मौर्य को भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकरण में इससे पहले छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वाजिद की गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है। साथ ही अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र शुक्ल, मुख्य आरक्षी उपेन्द्रनाथ शुक्ला, मुख्य आरक्षी विकास मिश्रा, मुख्य आरक्षी विनोद त्रिपाठी, मुख्य आरक्षी विनय मौर्य तथा कांस्टेबल बलजीत यादव शामिल रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


