छात्राओं ने प्रयोगशालाओं में देखे आधुनिक उपकरण
Balrampur News - पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कन्या सादुल्लाह नगर की 50 छात्राओं ने एजी हाशमी इंटर कॉलेज का शैक्षिक भ्रमण किया। छात्राओं ने विज्ञान प्रयोगशालाओं का अवलोकन करते हुए उपकरणों और प्रयोगों की जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों ने प्रयोगात्मक ज्ञान बढ़ाने के लिए इस भ्रमण का महत्व बताया। इस अवसर पर कई शिक्षकों और छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।
सादुल्लानगर, संवाददाता। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कन्या सादुल्लाह नगर की 50 छात्राओं ने ट्यूनिंग एंड पियरिंग कार्यक्रम के तहत एजी हाशमी इंटर कॉलेज का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने इंटर कॉलेज की रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का अवलोकन कर विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों और प्रयोगों की जानकारी प्राप्त की। विज्ञान अध्यापक अजमतुल्ला कुरैशी ने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों का परिचय देते हुए उनके उपयोग और महत्व को सरल एवं रोचक ढंग से छात्राओं को समझाया। छात्राओं ने प्रयोगों की प्रक्रिया को नजदीक से देखने के साथ-साथ कई जिज्ञासाएं भी व्यक्त कीं। प्रयोगशालाओं में सुव्यवस्थित उपकरणों और संसाधनों को देखकर उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके अलावा छात्राओं ने विद्यालय के पुस्तकालय का भी भ्रमण किया, जहां उन्होंने विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों और अध्ययन सामग्री की जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों ने बताया कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ को विकसित करने के साथ-साथ उनके प्रयोगात्मक ज्ञान और आत्मविश्वास में भी वृद्धि करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक अरशद अब्बासी, अब्दुल मोईद, कल्पनाथ दूबे, जुनेद अहमद एवं विजेता अग्रवाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ऋचा पाण्डेय, ज्योति, अभय, जन्मेजय, साक्षी सहित अनेक छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




