खम्हरिया के पास लकड़बग्घा दिखने से दहशत
बलरामपुर, संवाददाता। सदर विकासखंड के खम्हरिया गांव के समीप लगातार लकड़बग्घा दिखाई देने की

बलरामपुर, संवाददाता। सदर विकासखंड के खम्हरिया गांव के समीप लगातार लकड़बग्घा दिखाई देने की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दो माह से क्षेत्र में लकड़बग्घे की मौजूदगी महसूस की जा रही है, जिसके चलते लोग शाम ढलते ही खेतों और सुनसान रास्तों पर जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग व देहात कोतवाली की पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शीघ्र कार्रवाई कर वन्यजीव को पकड़वाने की मांग की है। गांव निवासी सहदेव शुक्ल गुरुवार रात उस समय भयभीत हो गए, जब बलरामपुर से घर लौटते समय कल्ला भट्ठा से खम्हरिया जाने वाले मार्ग पर उन्हें सड़क पर एक लकड़बग्घा खड़ा दिखाई पड़ा।
रात करीब आठ बजे की इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सहदेव ने बताया कि अचानक सामने लकड़बग्घा दिखते ही उनके हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने तत्काल फोन कर परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन व ग्रामीण लाठी-डंडों और टॉर्च के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के शोर मचाने पर लकड़बग्घा सड़क किनारे नाले के पास स्थित घनी झाड़ियों में घुस गया। इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में सहदेव सुरक्षित घर पहुंच सके। ग्रामीण विक्रम, विवेक, केडी शुक्ल व सुरेश कुमार ने बताया कि कल्ला भट्ठा से सरदारगढ़ मार्ग के किनारे स्थित नाले के आसपास घनी झाड़ियां हैं, जहां वन्यजीव के छिपे रहने की आशंका है। पिछले दो महीनों में कई लोगों ने इसी क्षेत्र में लकड़बग्घे को देखा है। ग्रामीण कश्यप देव शुक्ल ने दावा किया कि गांव के तीन अन्य लोगों पर भी लकड़बग्घा हमला करने का प्रयास कर चुका है, हालांकि वे किसी तरह बच निकले। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने समूह बनाकर आसपास की झाड़ियों व नाले के किनारे तलाश की, लेकिन वन्यजीव का पता नहीं चल सका। लगातार हो रही घटनाओं से बच्चों, महिलाओं व किसानों में भय है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


