स्टेशनों पर चल रहे कार्यों की जांच को अचानक पहुंचे जीएम, हड़कंप
Balrampur News - पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बलरामपुर में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन की सफाई, यात्री सुविधाएं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। व्यापार मंडल ने जीएम को महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग का ज्ञापन सौंपा। जीएम ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

बलरामपुर, हिंदुस्तान टीम। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर शुक्रवार को अचानक बलरामपुर पहुंच गए। जीएम के अचानक स्टेशनों पर पहुंचकर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थलीय जांच को लेकर हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। जीएम ने कार्यों में तेजी लाने व गुणवत्तापूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रकाश, सफाई संग ठंड से बचाव को लेकर उठाए जा रहे कदम की भी हकीकत को परखा। कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को लेकर जीएम को एक ज्ञापन सौंपा। शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने तुलसीपुर में बन रहे अमृत भारत स्टेशन का सघन निरीक्षण किया।
उन्होंने स्टेशन के बेहतर लाइटिंग व्यवस्था, यात्री सुविधाएं, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, शौचालयों की स्थिति, प्रवेश व निकास द्वार एवं स्टेशन के समग्र नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने प्लेटफार्मों की स्थिति, कोचों में अग्निशमन व धुआं पहचान प्रणाली के साथ सुरक्षा इंतजाम तथा नई ट्रेनों के संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इसी क्रम में बलरामपुर स्टेशन पहुंचे जीएम ने अमृत स्टेशन बलरामपुर का निरीक्षण किया। स्टेशन पर रुके हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराए जाने का निर्देश दिया। स्टेशन की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए सुरक्षा संरक्षा सेल का निरीक्षण किया। यात्रियों की सुरक्षा रेलवे विभाग की प्राथमिकता है। वहीं तुलसीपुर में निरीक्षण के दौरान उद्योग व्यापार मंडल गैसड़ी के महामंत्री बैजनाथ जायसवाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जीएम को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें गैसड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15069/15070 तथा गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15081/15082 के ठहराव की मांग की गई। व्यापार मंडल के पदाधिकारी राजेंद्र पटवा, मोहम्मद सलीम, रामपाल यादव, किशोर कुमार, ओमप्रकाश यादव सहित अन्य लोगों ने भी इस मांग का समर्थन किया। कहा कि वर्तमान में यात्रियों को पचपेड़वा या तुलसीपुर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। व्यापार मंडल ने कहा कि यदि इन दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव गैसड़ी स्टेशन पर हो जाए, तो क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस पर जीएम उदय बोरवणकर ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


