Balrampur News: द्वितीय और चतुर्थ बुधवार को लगेगा मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद
Balrampur News: बलरामपुर में महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित हल के लिए हर महीने विशेष जनसुनवाई आयोजित होगी। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने यह व्यवस्था लागू की है, जिसमें महिलाएं सीधे अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें रख सकेंगी। यह जनसुनवाई हर महीने के दूसरे और चौथे बुधवार को होगी।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जिले में अब हर माह विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनके प्रभावी समाधान के लिए मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक माह के दूसरे व चौथे बुधवार को महिलाओं की विशेष जनसुनवाई होगी। जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली जनसुनवाई के लिए जिला सेवायोजन अधिकारी मीता गुप्ता को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनके सहयोग के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना व बाल कल्याण समिति की महिला सदस्य को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित दोनों बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर महिलाओं की समस्याएं सुनें। इस दौरान महिलाएं अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगी। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। नोडल अधिकारी शिकायतों की सुनवाई के साथ उनके निस्तारण की प्रगति का नियमित अनुश्रवण भी करेंगी। इसके अलावा जनसुनवाई से संबंधित पत्राचार और अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव करने के निर्देश दिए गए हैं। मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद के माध्यम से महिला सुरक्षा, पारिवारिक एवं सामाजिक समस्याओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए महिलाओं को प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखने का विशेष मंच मिलेगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


