दमादम मस्त कलंदर गीत पर झूमें अभिभावक
Balrampur News - एमएलके पीजी कॉलेज में संस्थापक सप्ताह समारोह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। मुख्य अतिथि और प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कला संकाय ने चार प्रतियोगिताओं में पहले स्थान प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता। कार्यक्रम में अभिभावक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बलरामपुर संवाददाता। एमएलके पीजी कॉलेज में आदि संस्थापक महाराजा सर पाटेश्वरी प्रसाद सिंह की स्मृति में आयोजित संस्थापक सप्ताह समारोह का समापन शनिवार देर शाम अंतरसंकाय विविधा प्रतियोगिता के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रबंध समिति के सचिव कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय, प्राचार्य प्रो. जेपी पाण्डेय, मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह एवं सांस्कृतिक निदेशक प्रो. रेखा विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। एकल गायन प्रतियोगिता में कला संकाय की मानसी चौहान ने “सत्यम शिवम सुंदरम” गीत प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बीएड संकाय के मोहम्मद लारेब को द्वितीय तथा विज्ञान संकाय के सौम्य पाण्डेय को तृतीय स्थान मिला। समूह गायन में कला संकाय के “दमादम मस्त कलंदर” गीत ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर प्रथम स्थान हासिल किया। एकल नृत्य छात्रा वर्ग में कला संकाय प्रथम, विज्ञान द्वितीय और वाणिज्य तृतीय रहा, जबकि छात्र वर्ग में विज्ञान संकाय प्रथम स्थान पर रहा। समूह नृत्य में “शिव और शक्ति” की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। कुल पांच प्रतियोगिताओं में चार में प्रथम स्थान प्राप्त कर कला संकाय ने 47 अंक के साथ लगातार चौथी बार ओवरऑल चैंपियन बनते हुए चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विज्ञान संकाय 34 अंकों के साथ द्वितीय और बीएड 19 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा। निर्णायकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट (डॉ.) देवेन्द्र कुमार चौहान व डॉ. आनंद कुमार वाजपेयी ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



