“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत बलरामपुर में हुआ वृहद पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस पर बलरामपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम-हरित भविष्य की ओर एक संकल्प’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने सभी से एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

बलरामपुर, संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश देते हुए नगर पालिका परिषद बलरामपुर द्वारा वार्ड संख्या-7 अचलापुर में “एक पेड़ माँ के नाम-हरित भविष्य की ओर एक संकल्प” अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के खाद्य एवं रसद व नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व नागरिकों के साथ पौधारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन ही नहीं बनाए रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं।
उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान व पर्यावरण संरक्षण का भाव जगाने वाली प्रेरणादायी पहल है। अभियान के माध्यम से जिले को अधिक हरा-भरा व प्रदूषणमुक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया। पौधरोपण कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र, सदर विधायक पलटू राम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, जिला उपाध्यक्ष संजय शुक्ल, डीपी सिंह बैंस, सर्वेश सिंह व सचिन कुमार सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, सभासद व बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पौधरोपण के दौरान डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन, एसपी विकास कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, एडीएम न्यायिक शिव नारायण सिंह, सदर एसडीएम हेमंत गुप्त, ईओ लालचंद मौर्य, वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं रहे, जिन्होंने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए। अतिथियों ने बच्चों और युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखरेख भी उतनी ही जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही हरित, स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


