Hindi NewsUttar-pradesh NewsBalrampur NewsMakar Sankranti Celebrated with Devotion and Tradition in Balrampur
श्रद्धापूर्वक मनाया गया मकर संक्रांति पर्व

श्रद्धापूर्वक मनाया गया मकर संक्रांति पर्व

संक्षेप:

Balrampur News - बलरामपुर में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए नदियों और तालाबों की ओर गए। स्नान के बाद भगवान सूर्यदेव की पूजा की गई और दान-पुण्य किया गया। समाजसेवी आशीष श्रीवास्तव ने जिला अस्पताल में मरीजों के लिए खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया।

Jan 15, 2026 10:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बलरामपुर
share Share
Follow Us on

बलरामपुर, संवाददाता। जिले भर में मकर संक्रांति का पर्व बुधवार को पूरी श्रद्धा, आस्था और परंपरा के साथ हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए नदी, तालाब और घाटों की ओर उमड़ पड़े। प्रातःकाल स्नान के उपरांत लोगों ने दान-पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ग्रामीण क्षेत्रों में यह पर्व धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं के अनुरूप धूमधाम से संपन्न हुआ। पर्व के अवसर पर क्षेत्र के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सनातन धर्मावलंबियों ने स्नान के पश्चात भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके बाद तिल, गुड़, खिचड़ी, वस्त्र एवं अन्न का दान ब्राह्मणों तथा जरूरतमंदों को किया गया। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मकर संक्रांति का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन सूर्यदेव मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण की शुरुआत होती है, जिसे देवताओं का दिन माना जाता है। शास्त्रों में वर्णन है कि इसी दिन भगवान सूर्य अपने पुत्र शनिदेव से मिलने गए थे, जिससे आपसी वैमनस्य समाप्त हुआ और समरसता का संदेश समाज को मिला। यही कारण है कि मकर संक्रांति पर तिल-गुड़ के सेवन और दान की परंपरा प्रचलित है, जो आपसी प्रेम और सौहार्द का प्रतीक मानी जाती है। एक अन्य मान्यता के अनुसार इसी दिन गंगा माता का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था, इसलिए पवित्र नदियों में स्नान-दान को विशेष फलदायी माना गया है। हालांकि उतरौला और आसपास के क्षेत्रों में गंगा स्नान संभव न होने के कारण श्रद्धालुओं ने घरों, मंदिरों और स्थानीय जलस्रोतों पर स्नान कर दान-पुण्य किया। इसी क्रम में समाजसेवी आशीष श्रीवास्तव की ओर से जिला मेमोरियल अस्पताल में खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया। जिसमें अस्पताल आए मरीजों व उनके तीमारदारों को खिचड़ी खिलायी गई। इस आयोजन में अस्पताल के सीएमएस सहित सभी कर्मी शामिल हुए।