Balrampur News: उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग की पैच मरम्मत को मिली 78.08 लाख की स्वीकृति
Balrampur News: पचपेड़वा, बलरामपुर में उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग की मरम्मत के लिए 78.08 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मार्ग की जरूरत बताई थी। इस मार्ग का निर्माण होने से करीब पांच लाख लोगों को लाभ होगा।

Balrampur News: पचपेड़वा, बलरामपुर। उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को सुधारने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। गैसड़ी पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने 21.15 किलोमीटर हिस्से की पैच मरम्मत को लेकर 78.08 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे शासन से स्वीकृति मिल गई है। इस मार्ग के निर्माण होने से क्षेत्र के लगभग पांच लाख लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग जर्जर होने से लोगों खासा दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को देखते हुए पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैले मे 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर मार्ग की मरम्मत की मांग की थी।
उन्होंने बताया था कि यह मार्ग बलरामपुर सहित सिद्धार्थनगर, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, श्रावस्ती, बहराइच और प्रयागराज को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। चंदनपुर के रास्ते पहाड़ पर बसे करीब 70 थारू गांवों और नेपाल सीमा तक आवागमन भी इसी मार्ग से होता है। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, देवीपाटन क्षेत्र की ओर से 18 अगस्त को प्रस्ताव मुख्य अभियंता लखनऊ को भेजा गया। प्रस्ताव के अनुसार किमी 17.700 से 26.000 तक कुल 8.300 किमी मार्ग पर 38.74 लाख तथा 26.00 से 38.850 किमी तक कुल 12.85 किमी पर 39.34 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद इस मार्ग का निर्माण शुरू करा दिया गया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण हो जाने से एक ओर जहां थारू समाज के लोगों को इसका लाभ मिलेगा वहीं दूसरी ओर लगभग पांच लाख लोगों का सफर आसान होगा। मार्ग निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है।


