जिले में 38 लाख रुपये के मादक पदार्थ किए गए नष्ट
बलरामपुर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन दहन के तहत 14.247 किलोग्राम मादक पदार्थों को एक उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर में नष्ट किया। पकड़े गए मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर किया गया, ताकि नशे के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बलरामपुर, संवाददाता। नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपद पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन दहन के तहत 38.01 लाख रुपये मूल्य के 14.247 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट कराया। चरस, मार्फिन, गांजा और नशीली गोलियों सहित विभिन्न मादक पदार्थों को पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर कोतवाली नगर, देहात, गौरा चौराहा, पचपेड़वा, हरैया व सादुल्लाहनगर में दर्ज नौ अभियोगों से संबंधित मादक पदार्थों को नष्ट कराया गया। बलरामपुर चीनी मिल्स स्थित पावर प्लांट में स्थापित उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से पूरी की गई।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण व सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन किया गया, ताकि नष्ट किए जा रहे मादक पदार्थों का किसी भी रूप में दुरुपयोग न हो सके। क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री की मौजूदगी तथा गठित समिति की निगरानी में पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध विनिष्टीकरण न केवल न्यायिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, बल्कि नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में भी यह एक अहम कदम है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


