नेपाल सीमा पर 11 लाख से अधिक की अवैध दवाएं बरामद, तीन गिरफ्तार
Balrampur News - उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में प्रशासन ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नेपाल सीमा के पास छापेमारी में लाखों रुपये की अवैध दवाएं बरामद की गईं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने 35 बॉक्स दवाएं जब्त कीं, जिनकी कीमत ₹11.47 लाख है।
बलरामपुर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी सफलता हासिल की है। नेपाल सीमा के पास संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमारी में लाखों रुपये की अवैध दवाएं बरामद की गईं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसएसबी 9वीं बटालियन, ड्रग विभाग और हर्रैया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत नेपाल सीमा वर्ती क्षेत्र महादेव बांकी व खरवन बांध क्षेत्र में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अल्प्राजोलाम, ट्रामाडोल, डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, एसीटामिनोफेन टैबलेट्स और कोडोडेक्स कफ सिरप जैसी प्रतिबंधित दवाएं अवैध रूप से ले जाई जा रही थीं।मौके
से गोविंद सोनी, आकाश कुमार श्रीवास्तव और वाहन चालक कपिल जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। टीम ने कुल 35 बॉक्स दवाएं बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹11.47 लाख आंकी गई है। साथ ही दवाओं के नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं। करीब 12 घंटे तक चली इस कार्रवाई में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम और औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी विकास कुमार ने साफ किया है कि नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


