Balrampur News: सीएचसी की बदहाल व्यवस्था से मरीजों का घटा भरोसा
Balrampur News: तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी से स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। मरीज प्रसाशन की कमी के चलते निजी क्लीनिकों का रुख कर रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी में केवल एक चिकित्सक उपस्थित हैं, जबकि अन्य चिकित्सकों की उपस्थिति संदिग्ध है। सीएचसी अधीक्षक ने नियमित उपस्थिति का दावा किया है।

Balrampur News: तुलसीपुर, संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था और चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि समय पर चिकित्सकों के न मिलने से मरीज निजी नर्सिंग होम और क्लीनिकों का रुख करने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी बंद होने से मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस अस्पताल में करीब छह चिकित्सकों की तैनाती है। बावजूद इसके अधिकांश समय ओपीडी में केवल महिला चिकित्सक डॉ. सौम्या नायक ही मरीजों का उपचार करती हैं। अन्य चिकित्सकों की उपस्थिति को लेकर मरीजों और कर्मचारियों के बीच भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती।
सीएचसी में प्रतिदिन 400 से 450 मरीजों की ओपीडी होने का दावा किया जा रहा है, जबकि अस्पताल परिसर में अपेक्षाकृत कम मरीज ही नजर आते हैं। सीएचसी में इलाज कराने पहुंचे राजन तिवारी, अशोक कुमार यादव और बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि कुछ वर्ष पहले पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारें लगती थीं, लेकिन अब पर्चा काउंटर और दवा वितरण केंद्र अक्सर सूने दिखाई देते हैं। नगर निवासी पीएन शुक्ल व राहुल सिंह ने अस्पताल में अनुशासन की कमी का आरोप लगाया है। इस सम्बन्ध में सीएचसी अधीक्षक डॉ सुजीत कुमार ने कहा कि संचारी रोग अभियान, बैठकों और क्षेत्रीय निरीक्षणों के कारण उन्हें कई बार अस्पताल से बाहर रहना पड़ता है। अन्य चिकित्सक भी नियमित रूप से ओपीडी संचालित कर रहे हैं। सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


