बलरामपुर में तेंदुआ देख लोगों में दहशत , वीडियो वायरल
Balrampur News - बलरामपुर के शिवपुरा-लालपुर चौराहा मार्ग पर हेंगहा नाला पुल के पास तेंदुआ दिखाई देने से दहशत फैल गई। बाइक सवारों ने तेंदुए की गतिविधियों का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ संभवतः जंगल से गांव की ओर आया है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
बलरामपुर, संवाददाता। शिवपुरा-लालपुर चौराहा मार्ग पर स्थित हेंगहा नाला पुल के पास बुधवार देर शाम तेंदुआ दिखाई देने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुल से गुजर रहे बाइक सवारों ने तेंदुए की गतिविधि अपने मोबाइल फोन में कैद कर ली और यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ कुछ देर तक पुल की रेलिंग के पास बैठा रहा, फिर अचानक नाले की ओर छलांग लगाकर झाड़ियों में गायब हो गया। तेंदुए को सामने देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सावधानी बरतते हुए वहां से जल्दी निकल गए। कई लोगों ने सुरक्षित दूरी से खड़े होकर उसका वीडियो भी बनाया।ग्रामीण
विनोद कुमार, मनोज, ओंकार, राजेश कुमार, पंकज कुमार, अनंतराम और संदीप कुमार ने बताया कि संभवतः तेंदुआ हेंगहा पहाड़ी नाले के रास्ते जंगल से निकलकर गांव की ओर आया है। यह नाला जंगल से होकर सीधे आबादी के करीब तक आता है, जिससे जंगली जानवर अक्सर इसी रास्ते गांवों की तरफ आ जाते हैं। जंगल और गांव के बीच की दूरी लगभग छह किलोमीटर है, इसलिए इस रास्ते से वन्यजीवों का आना असामान्य नहीं माना जाता।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले इसी इलाके में तेंदुआ दो कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। उस घटना के बाद से ही आसपास के गांवों में डर का माहौल बना हुआ था। तेंदुए के दोबारा दिखाई देने की खबर फैलते ही ग्रामीण देर शाम के बाद खेत-खलिहानों और रास्तों पर निकलने में विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। बच्चों को भी अकेले बाहर न जाने की हिदायत दी जा रही है।बनकटवा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सत्रोहन लाल ने बताया कि यह इलाका जंगल के नजदीक है और हेंगहा पहाड़ी नाला सीधे जंगल से होकर गुजरता है, इसी कारण कभी-कभी जंगली जानवर नाले के रास्ते आबादी के पास पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि तेंदुआ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


