
बलरामपुर-शिकार की तलाश में गांवों की ओर बढ़े वन्यजीवों के कदम से दहशत
Balrampur News - बलरामपुर में तापमान गिरने के साथ तेंदुए आबादी के करीब आ रहे हैं। गनवरिया गांव में तेंदुआ एक घर के पास आधे घंटे तक छिपा रहा। वन विभाग की टीम की कोशिशों के बावजूद तेंदुआ झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों में हमले की चिंता बढ़ गई है, खासकर उन गांवों में जहां तेंदुए शिकार की तलाश में घूम रहे हैं।
बलरामपुर, संवाददाता। पारा लुढ़कने के साथ ही तेंदुए के कदम आबादी की ओर बढ़ने लगे हैं। सूरज ढलते ही कोहरे के बीच तेंदुए इन दिनों सड़कों पर वाहनों के सामने व गांवों में पहुंच रहे हैं। बुधवार रात को गनवरिया गांव में पहुंचा तेंदुआ घर में काफी देर तक बैठा रहा। इसी रात को दुकानबंद महाराजगंज से घर जा रहे दुकानदार के बाइक के सामने तेंदुआ आ गया। यह पहला वाकया नहीं जब इस तरह के तेंदुए सामने आए हैं,बल्कि शिकार की खोज में तेंदुओं की आमद ने न केवल वन विभाग के सामने हमला रोकने की चुनौती पैदा की है,बल्कि ग्रामीण हमले की आशंका से दहशतजदा हैं।
सोहेलवा सेंचुरी के सात रेंजों में बड़े पैमाने पर तेंदुआ विचरण करते हैं। इन रेंजों से लगे करीब 25 गांवों में तेंदुए की आमद को लेकर संवेदनशील हैं। खासकर बनकटवा, बरहवा रेंज से लगे गांवों में कई दिनों से तेंदुए आबादी के नजदीक शिकार की तलाश में टहलते दिखे रहे हैं। बुधवार की रात इंद्रसेन के घर में तेंदुआ करीब आधे घंटे तक देहरी के नीचे छिपा रहा। जब तक वन विभाग की टीम कुछ कदम उठाती अंधेरे का लाभ उठाते हुए तेंदुआ पास के झाडि़यों में छिप गया। रेंजर सत्रोहन लाल बताते हैं कि घरों के आसपास घनी झाड़ियां व गन्ने के खेत न केवल तेंदुए के छिपने में मददगार बन रहे हैं,बल्कि प्राकृतप्रवास का रूप ले चुके हैं। इसको लेकर लगातार ग्रामीणों को सुझाव दिए जा रहे हैं,बावजूद लोग आर्थिक फायदे को लेकर इस पर कोई कदम नहीं उठाते हैं। हालाकि तापमान गिरने के साथ कोहरा बढ़ने पर तेंदुआ आसानी से शिकार मिलने की लालच में गांवों की ओर रुख करते हैं। रेंजर बृजेश कुमार सिंह बताते हैं कि तेंदुआ को सबसे ज्यादा कुत्ते पसंद होते हैं। ऐसे में वह गांव में इनकी तलाश में आते हैं। जिसके चलते सामने आने पर बच्चों व अन्य लोगों को भी शिकार बना लेते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




