Balrampur News: नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की से भक्तिमय दिखा जिला

हिन्दुस्तान, बलरामपुर
share

Balrampur News: बलरामपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धा और उल्लास के साथ उत्सव मनाया गया। जगह-जगह भव्य झांकियां सजाई गईं। मंदिरों में विशेष पूजा के साथ रात भर भजन गूंजते रहे। झारखंडी मंदिर में छह दिवसीय आयोजन किया गया जो श्रद्धालुओं को आकर्षित करता रहा। पुलिस स्टेशनों पर भी कृष्ण भक्ति का माहौल रहा।

Balrampur News: नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की से भक्तिमय दिखा जिला

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को पूरा बलрамपुर कान्हा की भक्ति में डूबा नजर आया। शहर से लेकर गांवों तक मंदिरों, धार्मिक स्थलों, पुलिस लाइन और थानों के साथ घर-घर आकर्षक झांकियां सजाई गईं। जिले में इस बार करीब 343 झांकियां सजाई गईं। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूलों और सजावटी रोशनी से मंदिरों व झांकी स्थलों की छटा देखते ही बनी। रात 12 बजते ही घंटे-घड़ियाल, शंखनाद और जय कन्हैया लाल की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया। नगर के झारखंडी राधा-कृष्ण मंदिर, रानी तालाब हनुमान मंदिर, भगवतीगंज ठाकुरद्वारा समेत प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन-अनुष्ठान किए गए। झारखंडी मंदिर में इस बार करीब नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन रखा गया, जिसमें श्रीमद्भागवत कथा, भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और भंडारे की व्यवस्था रही। ठाकुर जी का फूलों, आकर्षक वस्त्रों और आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया गया। शहर के साथ कोतवाली नगर, कोतवाली देहात और पुलिस लाइन में भी जन्माष्टमी मनाई गई। जिले के अन्य थानों में भी पुलिस कर्मियों ने मंदिरों व परिसर को सजाकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। गैंडास बुजुर्ग थाना परिसर में रंग-बिरंगी लाइटों, फूल-मालाओं और कृष्ण की झांकी से सजावट की गई, जिसमें पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय लोग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। झांकियों में कृष्ण जन्म से लेकर उनकी बाल लीलाओं तक की आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिली। कहीं वासुदेव का श्रीकृष्ण को टोकरी में लेकर यमुना पार कराने का दृश्य दिखा तो कहीं माखन चोरी, गोवर्धन पूजा, कालिया नाग मर्दन और रासलीला की झलक दिखाई गई। कई स्थानों पर कृष्ण के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को अलग-अलग दृश्यों में सजाकर श्रद्धालुओं के सामने रखा गया। उतरौला के श्री दुखहरण नाथ मंदिर समेत जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। लोगों ने घरों में बाल गोपाल की प्रतिमा स्थापित कर पालना सजाया। महिलाओं ने व्रत रखकर रात में भगवान का जन्म कराया और आरती के बाद प्रसाद वितरित किया। आधी रात के बाद मंदिरों और घरों में बधाई गीत तथा भजन गूंजते रहे.

झारखंडी मंदिर में छह दिनों तक रहेगी कृष्ण भक्ति:

नगर के प्रसिद्ध झारखंडी मंदिर में जन्माष्टमी का आयोजन एक दिन तक सीमित नहीं रहा। श्रद्धालुओं के सहयोग से करीब छह दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर परिसर में नियमित पूजा-अनुष्ठान, शाम को भजन-कीर्तन और भंडारे की व्यवस्था रही। जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण का विशेष पूजन कर जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर की भागवत वेदी को विशेष रूप से तैयार किया गया था। ठाकुर जी का फूलों की मालाओं, आकर्षक वस्त्रों और आभूषणों से श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को भक्तों और स्थानीय लोगों के सहयोग से भव्य रूप दिया गया.

थानों में भी सजा नंदलाल का दरबार:

जन्माष्टमी पर पुलिस महकमा भी कृष्ण भक्ति में रंगा नजर आया। पुलिस लाइन के साथ जिले के विभिन्न थानों में भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के लिए विशेष तैयारियां की गईं। थाना परिसरों को फूल-मालाओं और विद्युत झालरों से सजाया गया। उतरौला संवाददाता के अनुसार गैंडास बुजुर्ग थाना परिसर में कृष्ण की आकर्षक झांकी बनाई गई, जहां पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के लोग भी शामिल हुए। महिलाओं और बच्चों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। रात में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होने पर पूजा-अर्चना और आरती की गई। जिले में पुलिस विभाग की ओर से सभी थानों में जन्माष्टमी मनाए जाने की तैयारी पहले से की गई थी। इससे धार्मिक उल्लास का माहौल थाना परिसरों तक पहुंच गया.

जन्म से गीता उपदेश तक दिखी कृष्ण लीला:

जन्माष्टमी की झांकियों में इस बार केवल बाल कृष्ण ही नहीं, बल्कि उनके संपूर्ण जीवन के विभिन्न प्रसंगों को समेटने का प्रयास किया गया। झांकियों में कारागार में कृष्ण जन्म, वासुदेव द्वारा उन्हें गोकुल पहुंचाना, नंद के घर उत्सव, बाल लीला और माखन चोरी के दृश्य सजाए गए। इसके अलावा कालिया नाग मर्दन, गोवर्धन पर्वत धारण और रासलीला के प्रसंग भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करते रहे। कई आयोजनों में कृष्ण के बड़े होने के बाद के जीवन को भी दर्शाया गया। महाभारत के प्रसंग और कुरुक्षेत्र में अर्जुन को दिए गए श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेश को भी झांकी का हिस्सा बनाया गया। इस तरह झांकियां श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक आस्था के साथ कृष्ण के जीवन-दर्शन को समझने का माध्यम बनीं.

देवीपाटन मंदिर में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व:

तुलसीपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में आयोजित भजन-कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। गायक कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। नन्हे बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मध्यरात्रि करीब 12 बजे पुरोहित आचार्य पंडित मातेश्वरी प्रसाद तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कराया। इसके बाद देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी ने पूजन कर जन्मोत्सव मनाया। कृष्ण जन्म के समय मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा.

ग्रामीण क्षेत्रों में भी धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी:

भारत नेपाल सीमा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कोतवाली जरवा परिसर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में पुलिसकर्मियों ने मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाकर भजन-कीर्तन का आयोजन किया। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह सहित पुलिसकर्मियों और स्थानीय थारू कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए। मध्यरात्रि में थारू परंपरा के अनुसार कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। पिपरा दुर्गानगर, मदरहवा, भगवानपुर, जनकपुर स्थित मुक्तेश्वर नाथ महादेव मंदिर और बालापुर समेत कई गांवों में भी कार्यक्रम हुए। जगह-जगह राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। रामू मिश्रा कीर्तन पार्टी के कलाकारों ने शाम से पूरी रात भजन-कीर्तन किया। कृष्ण जन्म के समय जमकर आतिशबाजी की गई साथ ही श्रद्धालु डीजे की धुन पर जमकर झूमे। इसके बाद सोहर गीतों का दौर चला। हल्की बारिश के बीच श्रद्धालु देर रात तक कार्यक्रम में जुटे रहे.

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦जन्माष्टमी पर कितनी झांकियां सजाई गईं?−
जिले में इस बार करीब 343 झांकियां सजाई गईं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsबलरामपुरBalrampur News: नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की से भक्तिमय दिखा जिला