मत्स्य पालकों को मिलेगा किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ
बलरामपुर। संवाददाता जिले के किसानों, पशुपालकों व मत्स्य पालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने

बलरामपुर। संवाददाता जिले के किसानों, पशुपालकों व मत्स्य पालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से जून माह में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का विशेष अभियान गुरुवार से शुरू कर दिया गया है। 24 जून तक जिले के सभी नौ विकास खंडों में शिविर लगाकर पात्रों के आवेदन स्वीकृत किए जाएंगे, जिससे उन्हें कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा मिल सके। यह अभियान जिले के हजारों किसानों, पशुपालकों व मत्स्य पालकों के लिए राहत लेकर आएगा तथा उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य रेवती रमन चौधरी ने बताया कि मत्स्य पालन आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार बन रहा है।
ऐसे में केसीसी योजना के माध्यम से मत्स्य पालकों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराकर उनकी उत्पादन क्षमता व आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस ऋण से तालाबों के रखरखाव, मछली बीज की खरीद, चारा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था आसानी से की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना तथा उन्हें साहूकारी और महंगे ऋण के बोझ से मुक्त करना है। इससे मत्स्य उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। लीड बैंक कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 5 जून को गैसड़ी, 8 जून को तुलसीपुर, 10 जून को हर्रैया सतघरवा, 12 जून को रेहरा बाजार, 17 जून को गैण्डास बुजुर्ग, 19 जून को उतरौला, 22 जून को श्रीदत्तगंज तथा 24 जून को बलरामपुर विकास खंड में केसीसी शिविर आयोजित किए जाएंगे। ने बताया कि शिविरों में बैंक प्रतिनिधि, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। पात्र लाभार्थियों के आवेदन मौके पर ही स्वीकार किए जाएंगे और उन्हें समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृत कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मत्स्य पालकों को संस्थागत ऋण से जोड़ना, तालाब प्रबंधन और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों व पशुपालकों को केसीसी सुविधा उपलब्ध कराना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना व लाभार्थियों की आय बढ़ाकर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।दीपांशु, निदेशक, मत्स्य विभाग ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से मत्स्य पालकों को सुलभ और कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र मत्स्य पालक इस सुविधा से वंचित न रहे। विशेष अभियान के जरिए अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


