ज्वेलरी शॉप से 1.82 लाख रुपये के जेवरात पार
Balrampur News - बलरामपुर के हरिहरगंज बाजार में एक ज्वेलरी शॉप से 1.82 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। दुकानदार ने दो युवतियों पर शक जताया है, जो ग्राहक बनकर आई थीं। सीसीटीवी में चोरी की घटना कैद हो गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर, संवाददाता। देहात कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज बाजार में एक ज्वेलरी शॉप से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। हरिहरगंज बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप से 1.82 लाख रुपये के जेवरात पार हो गए हैं। दुकानदार ने दो युवतियों पर शक जताया है। सीसीटीवी में वारदात कैद हो गई है। ग्राहक बनकर दुकान में आईं और मौका पाकर सोने-चांदी के जेवर की चोरी की। दुकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात युवितयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिले में ज्वेलरी शॉप से चोरी होने के मामले बढ़ने लगे हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र में दो दिन पहले घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पहलवारा निवासी वीरेंद्र गुप्त ने मंगलवार को देहात कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि हरिहरगंज बाजार ललिया रोड पर मेरी ज्वेलरी की दुकान है। दोपहर करीब 12.50 बजे दुकान पर दो युवतियां आईं। खरीदारी करने के बहाने दुकान पर सोने-चांदी के आभूषणों को देखा। इसी बीच ध्यान भटकाकर 4.25 ग्राम सोने की झुमकी, 1.58 ग्राम सोने की अंगूठी, 2.5 ग्राम सोने की एक बाली, 2.35 ग्राम सोने की माला व 2.3 ग्राम सोने का झाला दुकान से पार कर दिया। पूरा सामान एक लाख 81 हजार 720 रुपये का है, जो चोरी हो गया है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान मालिक ने देहात कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि मामले में दो अज्ञात युवतियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। टीम लगाकर संदिग्ध युवतियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


