तेंदुए की आहट से सहमे ग्रामीण, सोहेलवा वन क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी
बलरामपुर के सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग में मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। वन कर्मियों ने पैदल गश्त की और ड्रोन से निगरानी की। 37 गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि ग्रामीण सुरक्षित रहें।

बलरामपुर, संवाददाता। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग में मानव-वन्य जीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। तेंदुए की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मंगलवार को भांभर रेंज के संवेदनशील इलाकों में वन कर्मियों की दो टीमों ने करीब 9 किलोमीटर तक पैदल गश्त कर पदचिह्नों (पगमार्क) की तलाश की। हालांकि, फिलहाल किसी तेंदुए की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी गौरव गर्ग के निर्देश पर वन विभाग की टीमें आधुनिक संसाधनों का सहारा ले रही हैं।
वन विभाग की टीम ने मंगलवार को भांभर रेंज के ग्राम मजगवां में ड्रोन उड़ाकर वन्य जीवों की निगरानी की गई। ड्रोन कैमरों से 'शिकारी' की तलाश की जा रही है। साथ ही जंगल के आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं, ताकि जंगली जानवरों की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जा सके। जंगल क्षेत्र से सटे 37 गांवों में मुनादी की जा रही है। लोगों को लाल झंडों से आगाह किया जा रहा है। प्रशासनिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय ने पचपेड़वा, गैसड़ी व तुलसीपुर ब्लॉकों के 37 ग्राम प्रधानों और सचिवों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। ई-रिक्शा और लाउडस्पीकर के माध्यम से 'क्या करें, क्या न करें' की जानकारी दी जा रही है। जंगल के पास खतरे वाले स्थानों पर लाल झंडे लगाए गए हैं। संवेदनशील रास्तों पर लाल झंडे और बैरिकेडिंग लगाकर ग्रामीणों को उन रास्तों पर न जाने की चेतावनी दी गई है। पटाखों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। शाम ढलते ही वन क्षेत्रों में पटाखे फोड़े जा रहे हैं ताकि शोर से हिंसक वन्य जीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर न आएं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


