निकलेगा जुलूस, होली के हुड़दंग में सराबोर होंगे लोग
Balrampur News - बलरामपुर में होली की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। जिले में 2200 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा और 65 स्थानों से जुलूस निकाला जाएगा। प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सुरक्षा के...

होली आई रे जिले भर में 2200 जगहों पर किया जाएगा होलिका दहन, 65 जगहों से निकाला जाएगा जुलूस
शांतिपूर्ण त्योहार सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, सुरक्षा के रहेंगे व्यापक इंतजाम
बलरामपुर, संवाददाता।
होली की समस्त तैयारियां पूरी हो गई हैं। गुरुवार व शुक्रवार को जिले भर में हर्षोल्लास के साथ होलिकोत्सव मनाया जाएगा। शुक्रवार सुबह नौ बजे नगर के तीन प्रमुख स्थानों से होली का जुलूस निकाला जाएगा। साथ ही गुरुवार रात को होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही होली की पूर्व संध्या पर नगर में राधा कृष्ण की भव्य शोभा यात्रा रामलीला मैदान सिटी पैलेस रोड से निकाली जाएगी। होली के इस त्योहार पर किसी प्रकार का कोई खलल न पैदा होने पाए, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
होली का पर्व शुक्रवार को धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। त्योहार के मद्देनजर बाजारों की रौनक बढ़ी हुई है। सुबह शाम बाजारों में ग्राहंकों की भीड़ उमड़ रही है। लोग नए परिधान, चिप्स, पापड़, गुझिया, मिठाई, नमकीन, रंग, गुलाल व पिचकारी आदि की खरीदार कर रहे हैं। होली महोत्सव समिति के संयोजक डॉ तुलसीस दुबे ने बताया कि होली के पूर्व संध्या गुरुवार को नगर के रामलीला मैदान से राधा कृष्ण की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को होलिकोत्सव का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। सुबह नौ बजे सर्बा माईथान बलुहा, राम हरख ठाकुरद्वारा टेढ़ी बाजार तथा खुनई ठाकुरद्वारा खलवा मोहल्ले से होली का जुलूस निकलेगा, जो नगर भ्रमण करने के बाद बड़ा पुल चौराहा पर एकत्र होगा। यहां से होली जुलूस का समापन हो जाएगा। ज्योतिषविद् शुभ्रा शुक्ला के अनुसार इस बार काशी के पंचांग के मुताबिक गुरुवार रात 11:26 बजे से 12:30 तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त है। इस दौरान सभी लोग होलिका का दहन करें। उन्होंने यह भी बताया कि होलिका दहन के दौरान लोग एक सूखे नारियल में चीनी और घी डालें। इस दौरान अपने ईष्टदेव व देवी का ध्यान करें, इससे न सिर्फ धन की प्राप्ति होगी बल्कि आगे आने वाली बाधाएं भी दूर होंगी। उन्होंने बताया कि अगर लोग कर्ज से परेशान हैं तो होलिका दहन की शाम नर्सिंग स्त्रोत का पाठ करें। होलिका दहन के बाद जलती अग्नि में नारियल दान करने से नौकरी आदि में आ रही दिक्कतें दूर हो जाती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।