अव्यवस्थाओं के चलते भीग गया सरकारी गेहूं
Balrampur News - गैसड़ी क्षेत्र में सरकारी खरीद व्यवस्था में अव्यवस्थाएं सामने आई हैं। सोनगढ़ा लैम्स स्थित समिति में पर्याप्त भंडारण न होने के कारण तेज बारिश में 90 बोरा गेहूं भीग गया है। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भंडारण की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
गैसड़ी, बलरामपुर। सरकारी खरीद व्यवस्था में अव्यवस्थाएं एक बार फिर उजागर हुई हैं। गैसड़ी क्षेत्र के सोनगढ़ा लैम्स स्थित बहुउद्देशीय दीर्घकाल सहकारी समिति कुशहवा में पर्याप्त भंडारण व्यवस्था व शेड न होने के कारण तेज बारिश में सरकारी खरीद का गेहूं भीग गया। बारिश से करीब 90 बोरा गेहूं प्रभावित होने की सूचना मिली है। जिसमें लगभग 15 कुंतल अनाज खराब होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद किसानों के साथ स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। मौके पर मौजूद राम प्रकाश सिंह ने बताया कि समिति का गोदाम काफी छोटा है, जिसके चलते खरीदा गया सैकड़ों कुंतल गेहूं परिसर में खुले आसमान के नीचे रखना पड़ा।
विभाग की ओर से गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए केवल तिरपाल की व्यवस्था की गई थी, लेकिन तेज बारिश के सामने यह व्यवस्था पूरी तरह नाकाफी साबित हुई। बारिश का पानी तिरपाल के नीचे पहुंच गया, जिससे बड़ी मात्रा में गेहूं भीग गया। उन्होंने बताया कि करीब 45 बोरा गेहूं पूरी तरह भीग चुका है, जबकि शेष को किसी तरह बचाया गया। जानकारी के अनुसार समिति पर अब तक लगभग 1600 कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी है। बावजूद इसके भंडारण और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। किसानों का आरोप है कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाते। स्थानीय किसानों का कहना है कि सरकार किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीद तो कर रही है, लेकिन खरीदे गए अनाज की सुरक्षा को लेकर विभाग गंभीर नजर नहीं आता। यदि समय रहते शेड और बड़े गोदाम की व्यवस्था कर दी जाती तो सरकारी गेहूं खराब होने से बच सकता था। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग किया है कि समिति परिसर में अतिरिक्त शेड और स्थायी भंडारण व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में किसानों की मेहनत और सरकारी संपत्ति को नुकसान न उठाना पड़े।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


