दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं को पीटा, जेवरात भी लूटे
Balrampur News - बलरामपुर के मधवानगर खादर गांव में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक घर में घुसकर महिलाओं की पिटाई और लूटपाट की। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर, संवाददाता। पचपेड़वा थाना क्षेत्र के मधवानगर खादर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं की पिटाई व लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम मधवानगर खादर निवासी राजेश मौर्य ने बुधवार को बताया कि शाम करीब 6:30 बजे गांव के कुछ लोग अचानक मेरे घर में घुस आए। आरोप है कि बरखू यादव, राजेश यादव, नन्हे यादव, विजयपाल यादव, लवकुश यादव और मोहित यादव ने मिलकर घर में मौजूद महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले के दौरान आरोपियों ने घर में रखे सोने के कीमती जेवरात भी छीन लिए। जिसमें एक अदद मंगलसूत्र और सोने का हार शामिल है, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि सभी छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


