Balrampur News: जमीन के सौदे में 3.30 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, दो पर केस
Balrampur News: बलरामपुर के उतरौला क्षेत्र में एक जमीन के सौदे में लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। विक्रेता पक्ष ने 3.80 लाख रुपये में सौदा तय कर 3.30 लाख रुपये अग्रिम लेने के बाद उसी जमीन का दूसरा इकरारनामा किया। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर जांच की मांग की।

Balrampur News: 3.80 लाख में तय हुआ था सौदा, बयाना लेने के बाद उसी जमीन का दूसरा इकरारनामा करने का आरोप पहले से किए गए इकरारनामे की जानकारी छिपाकर जमीन बेचने की कोशिश का आरोप, न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज
बलरामपुर में धोखाधड़ी का मामला
बलरामपुर, संवाददाता। उतरौला क्षेत्र में जमीन के सौदे में लाखों रुपये की धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन का सौदा 3.80 लाख रुपये में तय कर 3.30 लाख रुपये बतौर अग्रिम लेने के बाद विक्रेता पक्ष ने उसी जमीन के हिस्से का दूसरा इकरारनामा कर दिया। पूर्व में किए गए इकरारनामे की जानकारी भी छिपाने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सौदे का विवरण
उतरौला के मोहल्ला आर्यनगर निवासी बब्बू बंजारा ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि ग्राम चमरपुर में गाटा संख्या 637 की 0.211 हेक्टेयर जमीन सिद्दीकी खांन के नाम दर्ज है। उक्त जमीन का सौदा सिद्दीकी खांन पत्नी फरीद महमूद खां और फरीद महमूद खां पुत्र अब्दुल वहीर निवासी ग्राम चमरपुर से 3.80 लाख रुपये में तय हुआ था। सौदे के तहत 17 जुलाई 2025 को सब रजिस्ट्रार कार्यालय उतरौला में पंजीकृत इकरारनामा मुहायदाबिला बिना कब्जा कराया गया। इसके एवज में पीड़ित से 3.30 लाख रुपये अग्रिम धनराशि ले ली गई।
पहले से था जमीन का इकरारनामा, छिपाने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि संबंधित जमीन को लेकर पहले से ही एक इकरारनामा किया जा चुका था। 16 नवंबर 2023 को कैपिटल ब्रिक फील्ड नदमहरा के साझेदार कफील अहमद पुत्र तुफैलो के साथ 1.50 लाख रुपये में तीन वर्ष के लिए मिट्टी खोदने संबंधी इकरारनामा किया गया था। इसकी अवधि 15 नवंबर 2026 तक बताई गई है। आरोप है कि जमीन का नया सौदा करते समय इस पुराने इकरारनामे की जानकारी पीड़ित से छिपाई गई।
0.08 हेक्टेयर जमीन का दोबारा इकरारनामा
बब्बू बंजारा के मुताबिक, पूर्व इकरारनामे की जानकारी छिपाकर 12 सितंबर 2025 को उसी जमीन के शेष 0.08 हेक्टेयर हिस्से का दो लाख रुपये में एक और पंजीकृत मुहायदाबिला कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि एक ओर उससे जमीन का सौदा कर लाखों रुपये अग्रिम लिए गए, वहीं दूसरी ओर उसी भूमि के हिस्से को लेकर अलग इकरारनामा कर दिया गया।
रकम वापस नहीं करने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि अब आरोपी न तो तय जमीन देने को तैयार हैं और न ही उसके द्वारा दी गई 3.30 लाख रुपये की अग्रिम धनराशि वापस कर रहे हैं। काफी प्रयास के बाद भी रकम वापस न मिलने पर उसने अधिकारियों से शिकायत की। मामले में आरोपियों पर धोखाधड़ी और कूटरचना कर रकम हड़पने की नीयत से काम करने का आरोप लगाया गया है।
जांच की प्रक्रिया
प्रार्थी ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

