
श्रावस्ती से देश के प्रमुख स्थानों के लिए जल्द मिलेगी हवाई सेवाएं
Balrampur News - श्रावस्ती एयरपोर्ट से विमानों के परिचालन की मांग को पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने नागरिक उड्ययन मंत्री से रखा। उन्होंने मुंबई, दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज और गया जैसे प्रमुख स्थानों के लिए उड़ानों की शुरुआत की मांग की। मंत्रालय ने इसकी स्वीकृति दी है और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं।
बलरामपुर, संवाददाता। श्रावस्ती एयरपोर्ट से विमानों के परिचालन के सम्बन्ध में पिछले दिनों पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने नागरिक उड्ययन मंत्री किजरापू राम मोहन नायडू से मुलाकात की । उन्होंने एक मांग पत्र देकर श्रावस्ती एयरपोर्ट से श्रावस्ती मुंबई, दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज तथा गया आदि प्रमुख स्थानों के लिए विमानों के परिचालन को प्रारंभ किए जाने की मांग की है। जिसे नागरिक उड्ययन मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है और इस बावत आवश्यक कार्यवाही के लिए अधिकारियों को केन्द्रीय मंत्री ने दिशा निर्देश जारी कर दिया है। केन्द्रीय उड्ययन मंत्री को सौंपे गए पत्र में पूर्व सांसद ने कहा था कि जब तक एयरपोर्ट अपनी पूरी क्षमता के साथ विकसित नहीं हो जाता है तब तक श्रावस्ती एयरपोर्ट से प्रमुख स्थानों के विमानों का परिचालन शुरू कराया जाए, जिससे महत्वपूर्ण स्थानों से पर्यटकों एवं धर्मावलम्बियों का आवागमन बढ़ेगा।
इससे बलरामपुर व श्रावस्ती जैसे जनपद में उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा दोनों जनपदों से यात्रियों को हवाई सेवा का भी लाभ मिलेगा। इसी क्रम में पूर्व सांसद दद्दन मिश्र को संबोधित एक पत्र में केन्द्रीय उड्ययन मंत्री राम मोहन नायडू ने जानकारी दी है कि उनके द्वारा श्रावस्ती से मुंबई, दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज व गया आदि स्थानों के लिए विमानों के परिचालन प्रारंभ कराने का अनुरोध किया गया था। जिसे अमल में लाते हुए विमानों के परिचालन सम्बन्धी निर्देश अधिकारियों को जारी कर दिया गया है। जल्द ही अब श्रावस्ती एयरपोर्ट से देश के प्रमुख स्थानों के लिए विमान सुविधाएं लोगों को मिलनी शुरू हो जाएंगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




