तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराई, दो की मौत, चार घायल

Apr 05, 2026 02:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बलरामपुर
share

Balrampur News - बलरामपुर में शनिवार रात एक तेज रफ्तार आई-टेन कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई, जिससे चालक आदिल और अफरोज की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल भेजा। घटना ने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।

तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराई, दो की मौत, चार घायल
बलरामपुर, संवाददाता। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चायपुरवा के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार आई-टेन कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सड़क हादसे में कार चालक आदिल (21 वर्ष), पुत्र शफीक, निवासी पुरानी बाजार पचपेड़वा और उनके साथ बैठे अफरोज (20 वर्ष), पुत्र भोला, निवासी जगदीशपुर पचपेड़वा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवकों की अचानक हुई मृत्यु से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। कार में सवार अन्य चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर से नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।