नहर की सफाई के बाद भी सूखी पड़ी राजडेरवा नहर, किसानों की फसल पर संकट
Balrampur News - गैसड़ी के किसानों को सिंचाई के लिए चित्तौड़गढ़ जलाशय से निकली राजडेरवा नहर से पानी की आवश्यकता है। नहर की सफाई के बावजूद पानी नहीं छोड़ा गया है, जिससे किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पानी नहीं छोड़ा गया तो वे आंदोलन करेंगे।

गैसड़ी, संवाददाता।क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन मानी जाने वाली चित्तौड़गढ़ जलाशय से निकली राजडेरवा नहर की सफाई पूरी हो जाने के बावजूद उसमें अब तक पानी नहीं छोड़ा गया है। इससे गैसड़ी के साथ आसपास के सैकड़ों गांवों के किसानों की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। नहर में पानी न आने से रबी की फसलों की सिंचाई पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख पचपेड़वा अशोक जायसवाल ने बताया कि नहर की सफाई के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों से कई बार जलाशय से पानी छोड़े जाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि समय रहते यदि नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों का कहना है कि सिंचाई के अभाव में गेहूं, सरसों एवं चना जैसी फसलें प्रभावित हो रही हैं। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद जब पानी नहीं छोड़ा गया तो अब किसानों का धैर्य जवाब देने लगा है। क्षेत्र के किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग किया है कि स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल राजडेरवा नहर में पानी छोड़ा जाए, ताकि उनकी फसलें बच सकें और किसानों को राहत मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



