Balrampur News: गैरइरादतन हत्या की धारा बढ़ी, आठों आरोपी गिरफ्तार
Balrampur News: महराजगंज तराई में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद एक खूनी संघर्ष में बदल गया। 31 वर्षीय सोनू सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया।। यह मामला अदालत में ले जाने की तैयारी की जा रही है।

Balrampur News: महराजगंज तराई, संवाददाता। पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद महराजगंज तराई कस्बे में खूनी संघर्ष में बदल गया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 31 वर्षीय सोनू सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में सोनू के भाई, पिता समेत परिवार के पांच लोग घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आठ नामजद और प्रकाश में आए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी, एक खड़ी ईंट और ईंट का अद्धा बरामद किया गया है। थाना महराजगंज तराई निवासी मोनू सिंह ने 12 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पैतृक हिस्से के बंटवारे को लेकर देवबक्श सिंह समेत अन्य लोगों ने एक राय होकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट में मोनू सिंह, उसके पिता रवि प्रताप सिंह, मां सुधा सिंह, बहन सत्यमा सिंह व भाई सोनू सिंह को गंभीर चोटें आईं। मारपीट में मोनू व उनके पिता के हाथ की हड्डियां टूट गईं, जबकि सोनू सिंह को गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में सोनू सिंह को जिला चिकित्सालय बलरामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए बहराइच रेफर कर दिया। इलाज के दौरान सोनू सिंह की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में गैरइरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी गई। पुलिस ने विवेचना व साक्ष्य संकलन के दौरान सुरेंद्र नाथ जायसवाल, राजसिंह और गुड्डी सिंह के नाम भी प्रकाश में आए। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर महराजगंज तराई पुलिस ने कस्बे से आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में देवबक्श सिंह (82), राकेश प्रताप सिंह उर्फ ननकू सिंह (46), शशिभूषण सिंह (51), अक्षय सिंह उर्फ डब्लू सिंह (22), राजसिंह (19), सुरेंद्र नाथ जायसवाल (65), गुड्डी सिंह (44) और कल्पना सिंह (45) शामिल हैं。
जमीन के बैनामे को लेकर बढ़ा विवाद :
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि देवबक्श सिंह के तीन बेटे राकेश प्रताप सिंह, शशिभूषण सिंह और रवि प्रताप सिंह हैं। आरोपियों के मुताबिक, पैतृक संपत्ति में से तीन-तीन बीघे जमीन राकेश की पत्नी गुड्डी सिंह व शशिभूषण की पत्नी कल्पना सिंह के नाम नौ जून 2026 को बैनामा की गई थी। इसी संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने एक राय होकर मोनू के परिवार के साथ मारपीट की, जिसमें सोनू को गंभीर चोटें आईं。
आठ आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय भेजने की तैयारी :
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे जारी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर ललिया देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नागेश्वर नाथ पटेल, उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह समेत महराजगंज तराई थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।


