घर में घुसकर मां-बेटे व बेटी पर जानलेवा हमला
बलरामपुर के विशुनीपुर गांव में एक परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। चार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण परिवार के तीन सदस्यों पर लोहे की छड़ों और ईंटों से हमला किया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर, संवाददाता। बलरामपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र के विशुनीपुर गांव में घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशुनीपुर निवासी शांति देवी पत्नी बनारसी ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया है कि 24 जून रात करीब एक बजे वह अपने बेटे अजय कुमार और बेटी शालू के साथ घर के बाहर सो रही थीं। आरोप है कि गांव के ही संदीप, अतुल, ओम व विकास पुरानी रंजिश को लेकर हथौड़ी, लाठी, डंडा व ईंट लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
आरोप है कि हमले में शांति देवी के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मां को बचाने पहुंचे बेटे अजय कुमार की भी जमकर पिटाई की गई, जिससे उसके सिर और शरीर पर कई चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची बेटी शालू पर भी ईंट से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता का कहना है कि शोरगुल सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


