Balrampur News: कार्रवाई की मांग को लेकर इंजीनियरों का सांकेतिक धरना, डीएम को सौंपा ज्ञापन
Balrampur News: बलरामपुर में डिप्लोमा इंजीनियरों ने अधिशासी अभियंता सतीश कुमार के खिलाफ कार्यशैली के विरोध में धरना दिया। संघ ने ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि समस्या के न समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। 12 सितंबर को चेतावनी दिवस मनाया जाएगा।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। सिंचाई निर्माण खंड-सिद्धार्थनगर के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार के रवैये के विरोध में डिप्लोमा इंजीनियरों ने शुक्रवार को साप्ताहिक संघर्ष कार्यक्रम के पांचवें दिन सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संघ के जनपदीय पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और कर्मचारियों की समस्याओं के न्यायोचित समाधान की मांग की है। जिलाध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि अधिशासी अभियंता के खिलाफ लगे आरोपों व कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर संघ लगातार लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहा है। संघ की मांग है कि प्रकरण का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
जांच में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए। धरने के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि संघ अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहा है। ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों को प्रकरण की जानकारी देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक उसका लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में उपाध्यक्ष राहुल चौहान, वित्त सचिव सत्यम शुक्ला, प्रचार सचिव राहुल वर्मा, अलीम अंसारी, अजय गुप्ता, अरविंद यादव, अरविंद कुमार व दिनेश त्रिपाठी समेत अन्य सदस्य शामिल रहे। संघ के अनुसार साप्ताहिक संघर्ष कार्यक्रम के तहत 12 सितंबर को चेतावनी दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाने की घोषणा की जाएगी।


