नारी शक्ति सम्मेलन व अंबेडकर संगोष्ठी में उमड़ी भीड़
Balrampur News - पचपेड़वा में मन्नत मैरिज हॉल में नारी शक्ति वंदन विधानसभा सम्मेलन और डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण और बाबा साहब के विचारों पर चर्चा की गई। नेताओं ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बताया।

पचपेड़वा, संवाददाता। क्षेत्र के मन्नत मैरिज हॉल में बुधवार को एक साथ दो प्रमुख कार्यक्रम नारी शक्ति वंदन विधानसभा सम्मेलन व डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान संगोष्ठी आयोजित किए गए। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। जिसमें सामाजिक मुद्दों पर व्यापक रूप से चर्चा की गई।नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में मुख्य अतिथि भाजपा जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी, जिला महामंत्री बिंदु विश्वकर्मा, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति समाज के साथ राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना व मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना को महिलाओं के उत्थान में महत्वपूर्ण बताया।
साथ ही पंचायत से संसद तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक संकेत बताया गया। इसके उपरांत आयोजित अंबेडकर सम्मान संगोष्ठी में मुख्य अतिथि उदय प्रकाश त्रिपाठी और अन्य वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को देश की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान कर सामाजिक न्याय की राह दिखाई। युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संगठन और संघर्ष के मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


