Balrampur News: विश्व युवा कौशल दिवस पर आज लगेगा रोजगार मेला
Balrampur News: विश्व युवा कौशल दिवस पर राजकीय आईटीआई कटरा शंकर नगर में रोजगार मेले का आयोजन होगा। मेले में लगभग 500 युवाओं को नौकरियां देने के लिए विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार लिए जाएंगे। कौशल विकास मिशन ने सभी तैयारियों को पूरा किया है और युवाओं को अपने दस्तावेज लेकर समय पर पहुंचने की अपील की गई है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजकीय आईटीआई कटरा शंकर नगर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और करीब 500 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए साक्षात्कार लेंगी। आयोजन को लेकर कौशल विकास मिशन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक वकील अहमद ने बताया कि मेले में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियां अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और कौशल के आधार पर उनका चयन करेंगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को आवश्यकता के अनुसार नियुक्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित युवाओं के अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, डिप्लोमा, स्नातक, अन्य समकक्ष शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि अपने मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा व पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ निर्धारित समय पर पहुंचें। वकील अहमद ने बताया कि मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें बेहतर करियर के अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे प्रशिक्षित युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। उद्योगों को भी योग्य मानव संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील किया है। कहा कि ये अवसर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


