एनीमिया से मुक्ति के लिए आयरनयुक्त भोजन जरूरी : सीएमओ
Balrampur News - बलरामपुर में एनीमिया मुक्त भारत अभियान को लागू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया की गंभीर समस्या को हल करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। नियमित हीमोग्लोबिन जांच, आयरन-फोलिक एसिड गोलियों का वितरण और पोषण जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

बलरामपुर, संवाददाता। जिले में एनीमिया मुक्त भारत अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि एनीमिया महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में पाई जाने वाली एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिससे निपटने के लिए शासन की मंशा के अनुरूप व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के माध्यम से नियमित रूप से हीमोग्लोबिन जांच की जा रही है। साथ ही आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों का वितरण तथा पोषण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों तथा 5 से 19 वर्ष तक के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि यह अभियान केवल दवा वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि संतुलित आहार, स्वच्छता, कृमि नियंत्रण और व्यवहार परिवर्तन संचार गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। डॉ. रस्तोगी ने जनपदवासियों से अपील किया कि वे नियमित जांच कराने के साथ-साथ अपने जीवनशैली में आयरन युक्त भोजन अपनाएं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाकर जिले को एनीमिया मुक्त बनाने में सहयोग दें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




