Balrampur News: दुकान चलाने वाली महिला व उसके पति की पिटाई
Balrampur News: बलरामपुर में एक महिला, आभा देवी और उनके पति की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो भाइयों ने महिला की सिलाई-कढ़ाई की दुकान पर गाली-गलौज की, घर में घुसकर पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। देहात कोतवाली क्षेत्र में सिलाई-कढ़ाई की दुकान संचालित करने वाली एक महिला और उसके पति की पिटाई, गाली-गलौज, घर में घुसकर तोड़फोड़ तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम फरेंदा निवासी आभा देवी ने बताया कि वह ग्राम अजबनगर में सिलाई-कढ़ाई की दुकान चलाती हैं। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले असलम व सलमान, पुत्रगण छेदी, आए दिन उनकी दुकान के आसपास अनावश्यक रूप से घूमते रहते थे।
महिला ने कई बार उन्हें वहां आने से मना किया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोप है कि 13 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे दोनों आरोपी फिर दुकान पर पहुंच गए। जब महिला ने उन्हें वहां आने से रोका तो दोनों भड़क गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मामला और बढ़ गया। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपी उसके घर में घुस आए और लात-घूंसों व थप्पड़ों से उसकी पिटाई की। इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गई। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के पति श्याम पुत्र तिलकराम के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के दौरान दोनों को चोटें आईं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने 15 जुलाई को कोतवाली देहात में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


