Balrampur News: छत पर टहलने को लेकर विवाद, महिला से मारपीट और धमकी का आरोप
Balrampur News: बलरामपुर में छत पर टहलने को लेकर विवाद में एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय और अदालत में भी कार्रवाई की मांग की थी।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के अधीनपुर कस्बे में छत पर टहलने को लेकर हुए विवाद में महिला से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, अधीनपुर कस्बा निवासी 34 वर्षीया श्रेया सोनी 23 जुलाई 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे अपने घर की छत पर टहल रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी धर्मेंद्र (48) ने उन्हें देखकर अपशब्द कहे और छत पर टहलने को लेकर आपत्ति जताई। महिला ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
पीड़िता का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद धर्मेंद्र, उसका 22 वर्षीय बेटा शिवेन्द्र और पत्नी किरण (47) लाठी-डंडे लेकर मारपीट के इरादे से उसकी छत पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों जबरन कमरे में घुस गए और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बाल पकड़कर उसे नीचे पटकने के साथ लात-घूंसों से पीटने का भी आरोप लगाया गया है।
परिजनों के पहुंचने पर छोड़ा
महिला के मुताबिक, मारपीट के दौरान शोर सुनकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार में उपचार कराया।
थाने से एसपी कार्यालय तक लगाई गुहार
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने रेहरा बाजार थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय बलरामपुर को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से राहत नहीं मिलने पर उसने अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट, उतरौला की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर न्याय की गुहार लगाई।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
थानाध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में रेहरा बाजार थाने में धर्मेंद्र, शिवेन्द्र और किरण के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


