डीएम ने नगर की सफाई व्यवस्था देखी, अतिक्रमण हटवाने का निर्देश

Jan 14, 2026 04:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बलरामपुर
share Share
Follow Us on

Balrampur News - तुलसीपुर में, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने नगर पंचायत क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण की स्थिति, और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की जांच की। उन्होंने अतिक्रमण हटाने और सफाई में सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने नगरवासियों से स्वच्छता में सहयोग की अपील की।

डीएम ने नगर की सफाई व्यवस्था देखी, अतिक्रमण हटवाने का निर्देश

तुलसीपुर, संवाददाता। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने बुधवार को सुबह आठ बजे नगर पंचायत तुलसीपुर क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने कलश चौराहे से नई बाजार चौक तक पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण की स्थिति एवं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नालियों पर दोबारा किए गए पक्के निर्माण व लोहे के जंगले देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की साथ ही ऐसे अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। डीएम ने नगर के चौक बाजार में स्थापित हाई मास्ट पोल के आसपास चबूतरा बनाकर सौंदर्यीकरण कराने तथा नालियों में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए हनुमानगढ़ी तक सड़क किनारे सफाई, नालियों की स्थिति और कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और नगरवासियों से संवाद कर स्वच्छता के प्रति सहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि सफाई के बाद कहीं भी कूड़ा इकट्ठा न हो और कचरे को सीधे कूड़ा गाड़ी में डालकर निर्धारित कलेक्शन प्वाइंट तक भेजा जाए। विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों में शाम के समय भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही नालियों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को सख्ती से हटाने को कहा, ताकि जल निकासी बाधित न हो। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन ओवरब्रिज व बसअड्डा का जायजा लेकर कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर पंचायत द्वारा वंदन योजना के अंतर्गत कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया। जिलाधिकारी ने देवीपाटन मंदिर पहुंचकर मां पाटन पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन किया। अंत में उन्होंने नगर को एक थीम के अंतर्गत पेंटिंग, साइनेज और सौंदर्यीकरण कराने पर बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत, अधिशासी अधिकारी प्रवीण दुबे, सीएससी अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्रा, चेयरपर्सन प्रतिनिधि अफरोज रिंकू मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।