छह चिकित्सकों का रुका वेतन, आधा दर्जन कर्मियों के सेवा समाप्ति की नोटिस
Balrampur News - बलरामपुर के संयुक्त जिला चिकित्सालय में निरीक्षण के बाद डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने लापरवाह चिकित्सकों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। उन्होंने छह चिकित्सकों का वेतन रोकने और आधा दर्जन आउटसोर्स कर्मियों की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अस्पताल की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए नई रणनीति बनाने का भी निर्देश दिया।

बलरामपुर, संवाददाता। पिछले दिनों मेडिकल कॉलेज के अधीन संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करने के बाद डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने लापरवाह चिकित्सक व कर्मियों के विरुद्ध बड़ा एक्शन लिया है। जहां एक ओर सर्जन समेत छह चिकित्सकों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया वहीं आउटसोर्स से चयनित आधा दर्जन कर्मियों की सेवा समाप्ति करने का निर्देश भी उन्होंने सीएमएस को दिया है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं अस्पताल की ध्वस्त सफाई व्यवस्था को लेकर भी डीएम ने नई रणनीति बनाने का निर्देश सीएमएस को दिया है।पिछले 12 मई को डीएम डॉ विपिन कुमार जैन ने मेडिकल कॉलेज के अधीन संयुक्त जिला चिकित्सालय का प्रात: साढ़े नौ बजे औचक निरीक्षण किया था।
इसी दौरान अस्पताल के सर्जन डॉ आरडी रमन, अर्थोपेडिक सर्जन डॉ केके बर्नवान, जनरल फिजीशियन डॉ सौरभ गुप्ता, वरिष्ठ परामर्शदाता निश्चेतक डॉ तेजवीर सिंह व एनएचएम की ओर से तैनात जनरल फिजीशियन डॉ अभिनव श्रीवास्तव, डॉ सिद्धार्थ श्रीवास्तव अनुपस्थित पाए गए थे। इसी तरह से सेवा प्रदाता के माध्यम से चयनित कर्मी अनूप कुमार दुबे, संजीव कुमार गौतम, कुलदीप, नीयत राम, ऋषिराम मिश्र, एलटी अनीता सोनकर भी अनुपस्थित पायी गई थी। इसके अलावा सफाई व्यवस्था ध्वस्त पाए जाने पर क्लीनिंग इंचार्ज अभय सिंह को दोषी पाया गया था। डीएम ने सभी अनुपस्थित चिकित्सकों का वेतन रोक दिया है। साथ ही अनुपस्थित सेवा प्रदाता कम्पनियों के कर्मियों सें संतोषजन जबाब न मिलने पर उनकी सेवा समाप्ति का प्रस्ताव जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में भेजने का निर्देश सीएमएस डॉ राज कुमार को दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


