सरकारी खड़ंजा छोड़ निजी भूमि पर निर्माण का आरोप, एसडीएम से लगाई गुहार
Balrampur News - ग्राम पंचायत गायडीह में सरकारी खड़ंजा निर्माण को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान उनकी निजी भूमि पर अवैध रूप से खड़ंजा बिछवा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण सरकारी रास्ते पर ही किया जाए और निष्पक्ष जांच की जाए।

उतरौला, संवाददाता। ग्राम पंचायत गायडीह में सरकारी खड़ंजा निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गांव के निवासी नफीस अहमद, मोहम्मद अनीस और मसीहुद्दीन ने थाना दिवस पर उपजिलाधिकारी उतरौला को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा उनकी निजी भूमि पर अवैध रूप से पीली ईंट का खड़ंजा बिछवाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां सरकारी खड़ंजा प्रस्तावित है, वह लगभग दस कड़ी भूमि पर स्थित है, लेकिन प्रधान उस हिस्से को छोड़कर उनकी जमीन पर निर्माण करवा रहे हैं। उनका आरोप है कि यह कदम किसी खास व्यक्ति को लाभ पहुंचाने की नीयत से उठाया गया है।
पीड़ितों ने इसे भूमि पर अतिक्रमण बताते हुए निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया कि खड़ंजा का निर्माण निर्धारित सरकारी रास्ते पर ही कराया जाए, ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति न बने। उपजिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



