वट सावित्री और शनि जयंती पर आस्था का संगम, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
Balrampur News - बलरामपुर, संवाददाता। शनिवार को वट सावित्री व्रत और शनि जयंती के अवसर पर बलरामपुर जिले में विशेष आस्था का माहौल बना। महिलाएं बरगद वृक्ष के नीचे पूजा अर्चना के लिए पहुंचीं। शनि देव मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही। हनुमान मंदिरों में सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ।
बलरामपुर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार को वट सावित्री व्रत और शनि जयंती एक साथ पड़ने से जिले भर में आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। सुबह से ही सुहागिन महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर बरगद वृक्ष के नीचे पहुंचीं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने बरगद के वृक्ष पर पीले धागे बांधकर पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना की। बलरामपुर नगर के प्रसिद्ध झारखंडी मंदिर में भी महिलाओं ने वट सावित्री की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। इसी तरह से जिले के मंदिरों एवं गांवों में महिलाओं द्वारा कथा श्रवण, पूजा सामग्री अर्पित करने और परिक्रमा करने का क्रम देर तक चलता रहा। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से वट सावित्री व्रत कथा का आयोजन भी किया गया। पूजा स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही。
शनि जयंती पर मंदिरों में विशेष पूजा
शनि जयंती के अवसर पर जिले के शनि देव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया। शनिवार का दिन होने के कारण सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में पहुंचने लगी। भक्तों ने शनि देव को तेल, काला तिल, उड़द एवं पुष्प अर्पित कर सुख-शांति और बाधाओं से मुक्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसरों में सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती भी की गई। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर शनि देव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
हनुमान मंदिरों में सुंदरकांड पाठ
जेठ माह के शनिवार होने के चलते जिले के हनुमान मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने बजरंग बली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कई मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। भक्तों के लिए जगह-जगह भंडारे लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “बजरंग बली की जय” के उद्घोष से गूंज उठे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


