Balrampur News: प्रशासन की कराई मेढ़बंदी तोड़कर खेत में जबरन रोपा धान, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
Balrampur News: बलरामपुर में राजस्व विवाद के चलते एक व्यक्ति ने सरकारी मेढ़बंदी को तोड़कर दूसरे की भूमि पर धान की रोपाई की। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। प्रशासन की ओर से राजस्व विवाद के निस्तारण के लिए कराई गई मेढ़बंदी को तोड़कर दूसरे पक्ष की जमीन पर जबरन धान की रोपाई करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चौहत्तर खुर्द की है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम चौहत्तर खुर्द निवासी छिटाई पुत्र दयाराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी कृषि भूमि गाटा संख्या 128/0.5910 हेक्टेयर का सीमांकन उपजिलाधिकारी तुलसीपुर के आदेश पर उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 24 के अंतर्गत कराया गया था। राजस्व विभाग की टीम ने 18 फरवरी 2026 को पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन किया था तथा पत्थर स्थापित कर विधिवत मेढ़बंदी भी कराई थी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का भूमि विवाद उत्पन्न न हो।
आरोप क्या है?
आरोप है कि सीमांकन से प्रभावित पक्ष के सीताराम पुत्र पाटनदीन ने प्रशासन की कार्रवाई को नजरअंदाज करते हुए सरकारी मेढ़बंदी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उसने शिकायतकर्ता के हिस्से की भूमि पर जबरन धान की रोपाई कर दी। जब छिटाई ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तुलसीपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सीताराम के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और सीमांकन संबंधी अभिलेखों के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों का भी परीक्षण किया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक का बयान
प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।


