अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर दो लाख मांगे, केस दर्ज
Balrampur News - बलरामपुर के उतरौला कोतवाली क्षेत्र में साइबर ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। एक युवती पर आरोप है कि उसने परिवार की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग की। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच चल रही है।

बलरामपुर, संवाददाता। उतरौला कोतवाली क्षेत्र में साइबर ब्लैकमेलिंग व कथित रंगदारी का मामला सामने आया है। एक युवती पर आरोप है कि उसने परिवार की अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की मां है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के आर्यनगर वार्ड-12 निवासी ध्रुवचन्द्र गुप्त ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि सुष्मिता दास नामक युवती पिछले कुछ समय से उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला ने उनके पुत्र के मोबाइल फोन पर संदेश भेजकर 2 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि युवती ने कहा कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह परिवार के सदस्यों की अश्लील फोटो और वीडियो फेसबुक पर सार्वजनिक कर देगी। शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी की तरफ से पहले से कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की जा चुकी हैं। अभद्र टिप्पणियां लिखकर परिवार की सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। ध्रुवचन्द्र गुप्त के अनुसार इस घटना के बाद उनका पूरा परिवार भय और तनाव में है। परिवार में उनकी पत्नी पुष्पा गुप्ता, पुत्र आकाश एवं अवनीश तथा पुत्री शिवानी हैं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पोस्ट, मोबाइल संदेश और अन्य साइबर साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


