उतरौला में साढ़े 24 करोड़ से शुरू हुआ मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण

Jan 03, 2026 09:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बलरामपुर
share Share
Follow Us on

Balrampur News - उतरौला में मुख्यमंत्री कम्पोजिट मॉडल विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह विद्यालय 24.50 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा, जिसमें कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। विद्यालय में मिनी स्टेडियम, आधुनिक कक्षाएं और शिक्षकों के लिए आवासीय भवन भी होंगे। शिक्षा के क्षेत्र में यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

उतरौला में साढ़े 24 करोड़ से शुरू हुआ मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण

श्रीदत्तगंज, संवाददाता। उतरौला के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में मुख्यमंत्री कम्पोजिट मॉडल विद्यालय के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। लगभग 24.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक विद्यालय के लिए निर्माणदाई संस्था द्वारा बाउंड्री वॉल की नींव खोदकर पिलर डालने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बताया जाता है कि इस मुख्यमंत्री कम्पोजिट मॉडल विद्यालय उतरौला में कक्षा एक से 12 तक की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। विद्यालय परिसर में छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए मिनी स्टेडियम, आधुनिक कक्षाएं तथा शिक्षकों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे।

शासन द्वारा इस विद्यालय के लिए उतरौला स्थित नार्मल स्कूल की भूमि को चिन्हित किया गया था। हालांकि इस भूमि को लेकर राजा रिजवान अली द्वारा मुकदमा दायर किया गया था, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि वर्ष 1971 से यहां पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित रहा है तथा पहले बीटीसी प्रशिक्षण विद्यालय भी यहां चल चुका है। बाद में प्रशिक्षण विद्यालय को गोंडा जिले के दर्जीकुआ स्थानांतरित कर दिया गया, जिसके बाद से नार्मल स्कूल की पांच एकड़ से अधिक भूमि खाली पड़ी थी। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी शुभम शुक्ल ने बताया कि पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के कारण इस स्थान का चयन मुख्यमंत्री कम्पोजिट मॉडल विद्यालय के लिए किया गया। शासन ने इस परियोजना के लिए 24.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें से 12.25 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। भवन निर्माण की जिम्मेदारी जल निगम की सी एंड डीएस यूनिट बस्ती को सौंपी गई है। इस विद्यालय में 30 डिजिटल स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, वाई-फाई और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही छात्रों को रोजगारपरक एवं कौशल विकास से जुड़ी तकनीकी के साथ शोध आधारित शिक्षा भी प्रदान की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;