
इंतजार करते मिले मरीज, चिकित्सक व टेक्नीशियन नहीं आए अस्पताल
Balrampur News - बलरामपुर,संवाददाता। जिले के ग्रामीण चिकित्सकीय सेवाओं की हकीकत परखने के लिए सीएमओ डॉ मुकेश
बलरामपुर,संवाददाता। जिले के ग्रामीण चिकित्सकीय सेवाओं की हकीकत परखने के लिए सीएमओ डॉ मुकेश रस्तोगी गुरुवार को सीएचसी केंद्र रेहरा बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मरीज इंतजार करते मिले। पूछने पर बताया कि अभी तक चिकित्सक व लैब टैक्नीशियन नहीं आए हैं। इस पर सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका से चिकित्सा कर्मियों की हाजिरी ली तो तीन लोग बिना अवकाश केंद्र से गायब मिले। इनके वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सीएचसी का सच अभियान को संज्ञान लेकर सीएमओ ने यह निरीक्षण किया है।
जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए सीएमओ की ओर से समीक्षा बैठक संग केंद्रों पर चिकित्सकों की उपस्थिति संग मरीजों से फीडबैक लिया जा रहा है। जिसके आधार पर सुधार संग संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने का खाका खींचा जा रहा है। सीएमओ ने दोपहर में सीएचसी केंद्र रेहरा बाज़ार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।इस दौरान कई खामियां सामने आई। कई मरीज ओपीडी के बाहर व लैब के पास बैठे मिले। पूछने पर बताया कि अभी तक चिकित्सक व टेक्नीशियन नहीं आए हैं। जिसके चलते वे लोग बैठे हैं। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए अभिलेख तलब किए। जांच में लैब टेक्नीशियन सूरज प्रताप सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद रहमान और अशोक कुमार (चपरासी) ड्यूटी पर नहीं पाए गए। इस पर सीएमओ ने अधीक्षक को अनुपस्थित सभी कर्मियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए हैं। इनसे स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। सीएमओ ने चिकित्सालय भवन एवं परिसर में साफ-सफाई की कमी पर नाराज़गी जाहिर किया। कहा कि रोगियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना प्राथमिकता है, जिसके लिए अनुशासन एवं स्वच्छता दोनों अनिवार्य हैं।सीएमओ ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी यदि ऐसी लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




