
चुपचाप रचाई दूसरी शादी, आयुष लिपिक पर मुकदमा दर्ज
Balrampur News - बलरामपुर में आयुष विभाग के लिपिक आदित्य श्रीवास्तव के खिलाफ उसकी पत्नी जय श्रीवास्तव ने दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से उसे और उसके परिवार को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। पति ने दूसरी शादी करने की भी धमकी दी। मामला परिवार न्यायालय में विचाराधीन है।
बलरामपुर, संवाददाता। आयुष विभाग में तैनात लिपिक के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न मामलों में कोतवाली देहात में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मुकदमा लिपिक की पत्नी जय श्रीवास्तव ने दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी लिपिक की तलाश कर रही है। कोतवाली देहात में तहरीर देकर जय श्रीवास्तव पत्नी आदित्य श्रीवास्तव उर्फ अंशू निवासिनी भिनगा श्रावस्ती ने अपनी पति पर गंभीर आरोप लगाया है। पत्नी जय श्रीवास्तव ने कोतवाली देहात में प्रार्थना-पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी शादी बलरामपुर के धुसाह निवासी आदित्य श्रीवास्तव के साथ हुई थी, जो आयुष विभाग में कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात है। जब से उसकी शादी हुई है उसके पति एवं उसके परिजन दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
कुछ सालों के बाद मारपीट कर घर से भगा दिया और कहा कि अगर दोबारा घर आयी तो जान से मार देंगे। पत्नी का आरोप है कि पति ने दूसरी शादी करने की धमकी भी दी है। मामला परिवार न्यायालय में विचाराधीन है। पत्नी का आरोप है कि इस दौरान उसके पति आदित्य ने दूसरी लड़की से शादी कर लिया। सूचना मिलने पर उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई। जिसके बाद उसे थाना देहात बुलाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह कोई दूसरी शादी नहीं किया है। इसके बाद उसने 22 नवंबर को नई बस्ती निवासी आस्था श्रीवास्तव पुत्री विनोद श्रीवास्तव से दूसरी शादी कर ली। जब उसे इसका पता चला तो वह अपने ससुराल गई जहां से उसके पति ने उसे गाली देते हुए भगा दिया, साथ ही मारापीटा भी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात गिरजेश तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी लिपिक के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। उसकी तलाश की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




