Balrampur News: 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान
Balrampur News: जनगणना-2027 के तहत बलरामपुर जिले में कम से कम एक लाख लोगों से स्व-गणना कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 16 से 30 नवंबर तक जागरूकता अभियान चलेगा। विद्यार्थियों को जनगणना सारथी बनाया जाएगा और विभागों व सोशल मीडिया के जरिए प्रचार होगा। एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर व्यक्तिगत विवरण जुटाएंगे।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। जनगणना-2027 के तहत जिले में कम से कम एक लाख लोगों से स्व-गणना कराने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए 16 से 30 नवंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विद्यार्थियों को जनगणना सारथी बनाकर आमजन को स्व-गणना की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही विभागवार प्रचार अभियान और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त ने समीक्षा बैठक में बताया कि स्व-गणना अभियान पूरा होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर लोगों का व्यक्तिगत विवरण संकलित करेंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अभियान की जानकारी समय से आमजन तक पहुंचाई जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सके। सीडीओ ने कहा कि स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने स्तर से प्रचार-प्रसार करें। विद्यार्थियों को जनगणना सारथी के रूप में जोड़कर लोगों को प्रक्रिया के बारे में बताया जाए। सोशल मीडिया समेत अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की निगरानी करने व आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप केला, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सोनी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर सांख्यिकी अधिकारी, उपजिलाधिकारी, अपर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश कुमार सचान समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

