सरल समझकर हिंदी में उलझे सीबीएसई इंटर छात्र
Balrampur News - बलरामपुर में सीबीएसई बोर्ड के इंटर हिंदी परीक्षा में छात्रों को साहित्यिक शब्दों के जाल में उलझने के कारण कठिनाई का सामना करना पड़ा। छात्रों ने ऑब्जेक्टिव और दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के लिए अधिक समय लिया। तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में छात्रों की उपस्थिति अच्छी रही, लेकिन हिंदी प्रश्न पत्र की कठिनाई ने उन्हें निराश किया।
बलरामपुर संवाददाता। कहते हैं हिंदी सबसे सरल भाषा होती है। लेकिन सीबीएसई बोर्ड के इंटर परीक्षार्थियों को हिंदी के ऑब्जेक्टिव प्रश्नों ने सरल भाषा को कठिन बना दिया। ऑब्जेक्टिव प्रश्नों के साथ दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में भी छात्रों को काफी समय लगा, जिसका मुख्य कारण छात्रों ने हिंदी के साहित्यिक शब्दों में काफी समय उलझने की बात कही। सीबीएसई बोर्ड की हाई स्कूल इंटर परीक्षाएं जिले के तीन केंद्रों पर संचालित हो रही हैं। सोमवार को बोर्ड परीक्षा के दसवें दिन इंटर हिंदी प्रश्न-पत्र में तीन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। इंटर हिंदी विषय के प्रश्न पत्र में छात्रों को काफी आसान होने की उम्मीद रही, लेकिन परीक्षा देने के बाद छात्रों की मानें तो इस बार हिंदी के प्रश्न पत्र में शब्दों के जाल में उलझना पड़ा, जिससे समय भी काफी लगा।
दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में साहित्यिक प्रश्नों के हल करने में भी समय लगा। सेंट जेवियर्स केंद्र पर इंटर हिंदी विषय में 392 छात्रों में 391 उपस्थित हुए, एक छात्रा ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्र व्यवस्थापक मोहम्मद आसिम रूमी ने बताया कि हिंदी प्रश्न पत्र को छात्रों की धारणा होती है। यह काफी आसान होता है लेकिन साहित्यिक शब्दों के खेल में छात्र उलझ जाते हैं। फिलहाल जो प्रश्न पत्र आया वह पाठ्यक्रम एवं तैयारी के अनुरूप रहा। शारदा पब्लिक स्कूल केंद्र पर 60 छात्रों में 57 उपस्थित रहे, 3 छात्र इस केंद्र पर भी परीक्षा छोड़ दिए। वहीं केंद्रीय विद्यालय केंद्र पर 179 में सभी उपस्थित रहे। तीनों केंद्र पर शांतिपूर्ण परीक्षा होने की बात सिटी कोऑर्डिनेटर फातिमा स्कूल गोंडा के प्रिंसिपल अरुण मॉरिस ने कही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


