Balrampur News: बाइक सवार को बचाने में पलटी बस, युवक घायल, 40 यात्री बाल-बाल बचे
Balrampur News: बलरामपुर से बढ़नी जा रही एक प्राइवेट बस शनिवार दोपहर गैसड़ी कोतवाली के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गई। बस में सवार 40 यात्री बाल-बाल बच गए, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। चालक हादसे के बाद फरार हो गया।

Balrampur News: गैसड़ी, संवाददाता। बलरामपुर से बढ़नी जा रही एक प्राइवेट यात्री बस शनिवार दोपहर गैसड़ी कोतवाली के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 40 यात्री बाल-बाल बच गए। वहीं बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी गैसड़ी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक प्राइवेट बस 40 यात्रियों को लेकर बलरामपुर से बढ़नी की ओर जा रही थी। इसी बीच शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे बस गैसड़ी कोतवाली से पहले नहर के पास पहुंची।
इसी दौरान नहर की ओर से गैसड़ी के साथी निवासी 18 वर्षीय एहसान पुत्र अब्दुल समद अचानक मुख्य सड़क पर आ गया। बाइक सवार को बचाने के लिए बस चालक ने अचानक ब्रेक लगाया जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दाहिनी ओर पलट गई। इसी दौरान बाइक सवार भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिसमें उसको गंभीर चोटें आयीं। गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी 40 यात्रियों को किसी प्रकार की चोटें नहीं लगीं। समय रहते सभी यात्री बस से सुरक्षित बाहर निकल गए। वहीं दुर्घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल एहसान को सीएचसी गैसड़ी पहुंचाया। अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राज कुमार पाण्डेय ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जांच की जा रही है।


