बाल कटवाने गए युवक को घेरकर लात-घूंसों और डंडों से पीटने का आरोप, दो नामजद
बलरामपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बाल कटवाने गए युवक को दो लोगों ने घेरकर जातिसूचक गालियां दीं और लात-घूंसों से पीटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बलरामपुर, संवाददाता। बलरामपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने व जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बाल कटवाने गए युवक को घेरकर लात-घूंसों और डंडों से पीटने का आरोप है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम धुसाह निवासी राम अधीन उर्फ लवकुश पुत्र सुरेश कुमार उर्फ गंगा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 31 मई को दोपहर करीब दो बजे धुसाह मोड़ पर बाल कटवाने गए थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अयान खान निवासी मेजर चौराहा, कोतवाली नगर व नीरज पाठक निवासी उत्तरी धुसाह ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें घेर लिया। पीड़ित के अनुसार दोनों आरोपियों ने पहले जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज किया। विरोध करने पर लात-घूंसों व डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अगले दिन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
सीओ करेंगे मामले की जांच
प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि मामला अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़ा होने के कारण इसकी विवेचना क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


