Balrampur News: स्विफ्ट कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, बेटी का पैर टूटा
Balrampur News: उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर ग्राम हरदिहवा के पास तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार 61 वर्षीय पियारे लाल की बलरामपुर के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी 20 वर्षीय बेटी कल्पना का बायां पैर टूट गया और उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Balrampur News: - हरदिहवा के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम - बेटी का बहराइच मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज, अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज
हादसे में बुजुर्ग की मौत, बेटी घायल
बलरामपुर, संवाददाता। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर ग्राम हरदिहवा के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी 20 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बेटी का बायां पैर टूट गया। उसका इलाज बहराइच मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के चाईंडीह बांसपूर निवासी दीनानाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता पियारे लाल (61) 28 सितंबर 2026 को अपनी बेटी कल्पना (20) को मोटरसाइकिल पर बैठाकर बलरामपुर से उतरौला लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे ग्राम हरदिहवा के पास सामने से आ रही मारुति स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे में पिता-पुत्री दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पियारे लाल को बलरामपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 29 सितंबर को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, घायल कल्पना का बायां पैर टूटने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पिता की मौत के बाद दीनानाथ अंतिम संस्कार और अन्य क्रिया-कर्म में व्यस्त होने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके। बाद में उन्होंने उतरौला कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे में शामिल कार और उसके चालक का पता लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।


